लखनऊ। मुजफ्फरपुर से आनंदविहार जाने वाली समर स्पेशल ट्रेन में रेलवे की लापरवाही व कोच अटेंडेंट का कारनामा शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। एसी बोगी में अव्वल तो दोनों दरवाजे टूटे हुए थे। दूसरे, उन दरवाजों पर सुरक्षा इंतजाम की जगह कोच अटेंडेंट ने चादर को पर्दे बनाकर टांग दिया। इससे हवा रुक गई।
मामला गाड़ी संख्या 24029 समर स्पेशल की थर्ड एसी बोगी बी-5 का है। रेलयात्री आशीष कश्यप ने बताया कि एसी कोच के दोनों दरवाजे टूटकर एक ओर झूल रहे थे, जिससे यात्रियों के लिए खतरा पैदा हो गया। दरवाजे नहीं होने से बोगी में एसी कूलिंग भी नहीं हो रही थी तथा यात्रियों की सुरक्षा भी प्रभावित हो रही थी। इसकी शिकायत जब कोच अटेंडेंट से की गई तो उसने जुगाड़ लगाया। दोनों टूटे हुए दरवाजों पर रेलवे की चादर को पर्दे की तरह टांग दिया। आशीष ने यह भी बताया कि बोगी की सफाई व्यवस्था भी काफी खराब थी, शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। मामले की तस्वीरें रेलमंत्री, उत्तर व पूर्वोत्तर रेलवे के सोशल मीडिया एकाउंट पर साझा की। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन की ओर से बताया गया कि शिकायत सामने आने के बाद मेंटेनेंस स्टेशन को सूचित कर दिया गया। समस्या जल्द दूर कर दी जाएगी।
बोगी के दरवाजे टूटे, कोच अटेंडेंट ने टांग दिए पर्दे