फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बसंत पंचमी से सभी मंडलों में शुरू होंगे अभ्युदय कोचिंग सेंटर : योगी 

Sun, 24 Jan 2021 11:10 PM IST
पंकज श्रीवास्‍तव न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले प्रदेश के युवाओं के लिए सभी 18 मंडल मुख्यालयों में निशुल्क अभ्युदय कोचिंग सेंटर बसंत पंचमी (16 फरवरी) से शुरू हो जाएंगी। वहीं, देश-दुनिया में प्रदेश का नाम रोशन करने वाली पांच प्रतिभाओं को हर वर्ष यूपी गौरव सम्मान दिया जाएगा। प्रत्येक जिले में स्थापना दिवस महोत्सव मनाए जाएंगे। कामगारों-श्रमिकों को आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा देने और प्रदेश के साथ हर जिले की जीडीपी गणना भी की जाएगी। 
विज्ञापन


 युवाओं को रोजगार, श्रमिकों को सुरक्षा, प्रतिभाओं के सम्मान व जिलों के विकास के लिए यह पांचों घोषणाएं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को यहां अवध शिल्पग्राम में कीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपने युवाओं को नया मंच देकर नई उड़ान के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

अफसर चलाएंगे कोचिंग 
मुख्यमंत्री ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान प्रयागराज व राजस्थान के कोटा में कोचिंग कर रहे 30 हजार युवाओं को सुरक्षित उनके घर पहुंचाया गया। तभी यह तय किया था कि भविष्य में प्रदेश के युवाओं को कोचिंग के लिए अपने जिले या प्रदेश से बाहर न जाना पड़े। बसंत पंचमी के दिन से सरकार पहले चरण में 18 मंडल मुख्यालयों पर अभ्युदय कोचिंग सेंटर शुरू करने जा रही है। राज्य विश्वविद्यालयों व महाविद्यालयों के भवनों में संचालित इन कोचिंग सेंटरों में नीट, र्जेईई, एनडीए, सीडीएस व यूपीएससी के लिए निशुल्क शिक्षा दी जाएगी। अभ्युदय देश की सबसे अच्छी कोचिंग व्यवस्था होगी जहां पर प्रदेश के अधिकारी अपनी सेवाएं देंगे। इसके लिए विषय विशेषज्ञों का पैनल तैयार किया जा रहा है। यहां से विद्यार्थी वर्चुअल कोचिंग भी प्राप्त कर सकेंगेे।  
विज्ञापन


गौरव सम्मान के लिए कमेटी गठित 
योगी ने कहा कि कला, संस्कृति, खेल, विज्ञान-प्रौद्योगिक सहित अन्य क्षेत्रों में यूपी को नई पहचान दिलाने वाली तीन से पांच प्रतिभाओं को हर वर्ष यूपी गौरव सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। प्रतिभाओं के चयन के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई है। इसी साल से राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के हाथों यह पुरस्कार दिलाए जाएंगे। 

जिलों के स्थापना दिवस पर प्रतिभा का सम्मान
24 जनवरी, 1950 को यूपी की स्थापना हुई थी। इसलिए 24 से 26 जनवरी तक यूपी दिवस मनाया जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक जिले में स्थापना दिवस जैसे महोत्सव आयोजित कर हर फील्ड में अच्छा काम करने वालों को सम्मानित कर उनकी ऊर्जा का प्रदेश के विकास में उपयोग किया जा सकता है।  

जिलों की जीडीपी गणना से बढ़ेगी प्रतिस्पर्धा 
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक जिले में अपनी जीडीपी बढ़ाने की क्षमता है। यदि इनके बीच जीडीपी की स्वस्थ प्रतिस्पर्धा होगी तो गौतमबुद्धनगर और बलरामपुर में जो अंतर अभी देखने को मिलता है वह नहीं मिलेगा। इस माध्यम से विकास की बहुत सी संभावनाओं को आगे बढ़ाया जा सकता है।  

आपदा में सामाजिक व आर्थिक सुरक्षा जरूरी 
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार दुनिया में कहीं भी काम कर रहे यूपी के कामगारों-श्रमिकों को सामाजिक व आर्थिक सुरक्षा की गारंटी देने के लिए रोजगार एवं सेवा योजना आयोग के माध्यम से नई योजना शुरू करने जा रही है। आयोग के पोर्टल पर पंजीकृत श्रमिकों को भविष्य में महामारी के समय सरकार यह सुरक्षा प्रदान करेगी। सरकार की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता उनका सबसे बड़ा सुरक्षा चक्र बनेगी। 
विज्ञापन

हर साल अगस्त में होगा टेस्ट, पांच माह तक मिलेगा स्टाइपेंड

अभ्युदय  कोचिंग सेंटर  में प्रतिभाग करने के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों द्वारा राज्य स्तरीय लर्निंग प्लेटफार्म पर पंजीकरण कराया जाएगा। प्रति सप्ताह एक साक्षात कक्षा एवं एक वर्चुअल कक्षा अनिवार्य रूप से आयोजित की जाएंगी।

सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि हर वर्ष अगस्त महीने में प्रत्येक मंडल मुख्यालय पर पंजीकृत छात्रों के लिए एक एप्टीट्यूड एवं सामान्य अध्ययन से संबंधित टेस्ट लिए जाएंगे। इस टेस्ट के आधार पर 300 अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा, जिसमें से 100 अभ्यर्थी आईएएस/पीसीएस की तैयारी के लिए जबकि सीडीएस, एनडीए, जेईई एवं नीट के लिए 50-50 अभ्यर्थी लिए होंगे। इन सभी अभ्यर्थियों को डिजिटल कंटेंट एक्सेस करने के लिए एक टैबलेट, शिक्षण सामग्री एवं स्टाइपेंड के रूप में पांच माह तक 2000 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे। इनमें से प्रारंभिक परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को लखनऊ एवं हापुड़ में समाज कल्याण विभाग के केंद्रों में आवासीय सुविधा के साथ प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।

राज्य स्तर पर ई-लर्निंग कंटेन्ट प्लेटफार्म की स्थापना
अभ्यर्थियों को गुणवत्तापूर्ण पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए राज्य स्तर पर मंडलायुक्त लखनऊ के निर्देशन में ई-लर्निंग कंटेन्ट प्लेटफार्म बनाया जा रहा है। इस प्लेटफार्म पर विभिन्न अधिकारियों द्वारा परीक्षा की तैयारी संबंधी अपने अनुभव साझा करते हुए वीडियो अपलोड किए जाएंगे। इसके अलावा, परीक्षा की तैयारी से संबंधित टिप्स सामग्री, पुस्तकों आदि से संबंधी मार्गदर्शन देते हुए वीडियो अपलोड होगा। लाइव सेशन एवं सेमिनार भी होंगे। ई-लर्निंग प्लेटफार्म पर छात्र अपनी जिज्ञासाएं एवं प्रश्न भी सबमिट कर सकेंगे। यहां विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित विषय वस्तु सामग्री एवं क्यूरेटिव कंटेन्ट उपलब्ध होगा। ख्याति प्राप्त संस्थाओं की सामग्री एकत्रित करने के लिए लखनऊ के मंडलायुक्त की अध्यक्षता में एक टास्कफोर्स गठित होगी। यह टास्क फोर्स राज्य और अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों के सहयोग से कक्षाओं का रोस्टर तैयार करेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें