लखनऊ। शीर्ष वरीय उत्तर प्रदेश की आशी शमशेरी ने दमदार प्रदर्शन करते हुए आइटा चैंपियनशिप सीरीज अंडर-16 टेनिस टूर्नामेंट में बालिका एकल का खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं रोहिन राज और सात्विक गुप्ता की जोड़ी बालक युगल में चैंपियन बनी। बालिका एकल फाइनल में आशी ने दूसरी वरीय अनाया सेन को 6-1, 6-3 से हराया। आशी ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए दोनों सेट अपने नाम किए। एसडीएस टेनिस अकादमी की ओर से ला-मार्टीनियर कॉलेज के लॉन टेनिस फैसिलिटी में आयोजित टूर्नामेंट के बालक युगल फाइनल में दूसरी वरीय रोहिन राज-सात्विक गुप्ता की जोड़ी ने उलटफेर करते हुए शीर्ष वरीय विराट सिंह-रिशांत जायसवाल को 6-0, 6-4 से शिकस्त दी। पहले सेट में राज-सात्विक ने एकतरफा खेल जीता। दूसरे सेट में विराट और रिशांत की जोड़ी ने अच्छी चुनौती पेश की लेकिन निर्णायक अंक तक नहीं पहुंच सके और हार का सामना करना पड़ा। बालक एकल का फाइनल 28 अगस्त को तीसरे वरीय रोहिन राज और हारिस खान के बीच खेला जाएगा। युगल खिताब जीत चुके रोहिन के पास अब एकल में भी चैंपियन बनने का मौका होगा।