भले ही आम आदमी पार्टी लोकसभा चुनाव में एक भी सीट न जीत पाई हो लेकिन पार्टी अब प्रदेश सरकार को निशाना बना सपा को चुनौती देने की तैयारी में है, इसके लिए पार्टी ने सबसे पहले बिजली कटौती के मुद्दे पर सरकार को घेरा है।
आम आदमी पार्टी, के बाराबंकी के हुजूरपुर इकाई के पदाधिकारियों ने बुधवार को बदहाल बिजली व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन किया।
इसके बाद बीडीओ के माध्यम से अधिशासी अभियंता को पत्र भेजा है। जिसमें अघोषित कटौती को समाप्त करने व खराब ट्रांसफार्मरों को बदले जाने की मांग की है।
आप हुजूरपुर प्रभारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ता बुधवार को ब्लॉक मुख्यालय पर एकत्रित हुए। सभी ने क्षेत्र में बिजली व्यवस्था की बदहाली पर गुस्सा जाहिर किया और विभाग के खिलाफ नारे लगाए।
कागजों पर बिजली सप्लाई
प्रदीप कुमार ने कहा कि रोस्टर के मुताबिक बिजली सप्लाई महज कागजों पर हो रही है। अघोषित कटौती के कारण लोगों का हाल बेहाल है।
लोकल फॉल्ट के नाम पर जमकर कटौती हो रही है। क्षेत्र में घटिया किस्म के ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं। जो लोड के कारण फुंक जाते हैं।
यदि व्यवस्था सुधारी नहीं गई तो कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद बीडीओ अनिल कुमार के माध्यम से अधिशासी अभियंता विद्युत को पत्र सौंपा गया।
इस अवसर पर धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू, उदय प्रताप सिंह, अरविंद कुमार, बृजेश कुमार, मुनव्वर अली, माजिद अली, महपाल सिंह, परमेश्वरी, रामतेज यादव, दीप, काली प्रसाद सिंह आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
लोकसभा में नहीं दिखा जादू
दिल्ली में कांग्रेस की मदद से सरकार बनने के बाद उम्मीद की जा रही थी पार्टी लोकसभा चुनाव में भी बड़ी ताकत बनकर उभरेगी लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
आम आदमी पार्टी प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से एक भी सीट पर जीत दर्ज नहीं कर सकी, वहीं पार्टी के प्रमुख चेहरे अरविंद केजरीवाल और कुमार विश्वास को भी जीत नहीं मिल सकी।
उम्मीद की जा रही है कि आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर काम कर रही है।