उत्तर प्रदेश में स्कूल विलय पर सरकार ने 50 बच्चों की संख्या या फिर एक किमी से ज्यादा दूर वाले स्कूलों के विलय पर रोक लगा दी है। सरकार निर्णय पर आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि लंबे समय से बच्चों का स्कूल बचाने के लिए आंदोलनरत आम आदमी पार्टी को आंशिक जीत मिली है। बच्चों के स्कूल बंदी के मामले में योगी सरकार ने कुछ बदलाव किए हैं। इससे कई स्कूल बंद होने से बच जाएंगे। लेकिन, अभी भी बड़ी संख्या में स्कूल बंद होने जा रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि योगी सरकार का बैकफुट पर आना यूपी के बच्चों, उनके माता-पिता और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की आंशिक जीत है। इस आंशिक जीत के लिए मैं उन बच्चों और उनके अभिभावकों को हृदय की गहराइयों से धन्यवाद देना चाहता हूं जिनके स्कूल अब शायद बंद नहीं होंगे। लेकिन, बच्चों के सभी स्कूल बचाने के लिए आंदोलन जारी रहेगा। बच्चों का स्कूल बचाने के लिए आम आदमी पार्टी दो अगस्त को लखनऊ में स्कूल बचाओ आंदोलन करेगी।
आप सांसद ने कहा कि स्कूलों को विलय करने का प्रदेश सरकार का यह फैसला बहुत ही खतरनाक था। मैं स्वयं ऐसे तमाम स्कूलों में गया, जहां के स्कूल तीन-तीन किलोमीटर दूर कर दिए गए थे। मैंने वहां अभिभावकों के साथ पदयात्रा भी की। इस दौरान देखा गया कि रास्ते में जंगल और जंगली जानवर जैसे बंदर आदि का भी खतरा मौजूद है।
आप सांसद ने आगे कहा कि बच्चों के भविष्य को बचाने और स्कूलों को बंद करने से रोकने की इस लड़ाई में आप ने सड़क पर उतर कर भी संघर्ष किया। इस विषय पर सुप्रीम कोर्ट में भी बच्चों का स्कूल बंद न करने की गुहार लगाई। जिन गांवों में स्कूल बंद किया जा रहे थे, वहां के लोगों, बच्चों और उनके अभिभावकों की ओर से एक ही आवाज उठ रही थी कि इन मासूम नौनिहालों के स्कूल बंद ना किया जाए।