लखनऊ सीट से कांग्रेस की प्रत्याशी रीता बहुगुणा जोशी ने कहा है कि राजधानी से जावेद जाफरी को टिकट देकर ‘आप’ ने यह सिद्ध कर दिया है कि उनकी व भाजपा के बीच साठगांठ है।
यही वजह है कि ‘आप’ ने भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए यहां से मुस्लिम प्रत्याशी को उतारा है।
रीता का मानना है कि लखनऊ सीट पर मुस्लिम प्रत्याशी के आने से वोटों का ध्रुवीकरण हो जाएगा।
कांग्रेस नेता एवं पूर्व प्रवक्ता जीशान हैदर ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने मुस्लिम प्रत्याशी इसलिए उतारा है ताकि यहां मुस्लिम वोटों का ध्रुवीकरण हो सके।
भाजपा की एजेंट है आप
रीता ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रही है।
सारी पार्टियां मिलकर जो खेल खेल रही हैं उसे जनता जान गई है। इसका चुनाव में कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
रीता ने कहा कि जब से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह लखनऊ से प्रत्याशी घोषित हुए हैं वे साठगांठ में ही लगे हुए हैं।
उन्हीं को फायदा पहुंचाने के लिए सपा ने भी अपने पुराने घोषित प्रत्याशी अशोक वाजपेयी के बजाय मंत्री अभिषेक मिश्रा को टिकट दे दिया।
केवल गलत आंकड़े पेश कर रही भाजपा
रीता का कहना है कि अब यह स्पष्ट है कि सपा, भाजपा व आप सभी आपस में मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं जबकि कांग्रेस अकेले दम पर चुनाव मैदान में है।
उन्होने यूपीए का बचाव किया और कहा कि यूपीए की सरकार ने एनडीए की तुलना में देश की अर्थव्यवस्था में चार गुना बढ़ोत्तरी की है।
भाजपा झूठ बोलकर केवल गलत आंकड़े पेश कर रही है। यह सब यूपीए सरकार की छवि खराब करने के लिए किया जा रहा है।
रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि 2003-04 में विदेशी मुद्रा भंडार 113 बिलियन डॉलर था, जबकि इस वर्ष यह 300 बिलियन डॉलर पहुंच गया है।
यूपीए के नेतृत्व में बढ़ेगा विदेशी मुद्रा भंडार
रीता के अनुसार विदेशी मुद्रा भंडार में 25 बिलियन डॉलर और बढ़ने की उम्मीद है। कृषि निर्यात भी 7.5 बिलियन डॉलर के मुकाबले 45 बिलियन डॉलर पहुंच गया है।
खाद्यान्न के मामले में भी देश ने खूब तरक्की की है। यह 213.2 मिलियन टन की तुलना में आज देश में 263.2 मिलियन टन हो गया है।
निर्यात के मामले में भी एनडीए की तुलना में यूपीए ने काफी अच्छा काम किया है। 2003-04 में 63.8 बिलियन डॉलर था जबकि इस समय यह 326 बिलियन डॉलर पहुंच गया है।
प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा भ्रमित कर रही है। वर्ष 2009 में मंदी आई भी तो उसका बहुत ज्यादा असर देश में नहीं पड़ा।