अमेठी सिटी। गौरीगंज क्षेत्र के दयालापुर गांव में शनिवार रात बरात में डीजे पर गाना बजाने को लेकर हुए विवाद में युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे एम्स रायबरेली और फिर ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया। हमले में जनरेटर ऑपरेटर भी घायल हुआ, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।
अमेठी क्षेत्र के लोहरता माली का पुरवा गांव की रहने वाली पूजा ने बताया कि उनका भाई रोशन यादव (20) शनिवार रात गौरीगंज क्षेत्र के दयालपुर गांव के रहने वाले लल्लू यादव के घर आई बरात में लाइट और डीजे का काम करने गया था। रात करीब 11 बजे जब उनके भाई और अहीरावल गांव के रहने शुभम यादव जनरेटर में डीजल डाल रहे थे, तभी चार-पांच अज्ञात युवक वहां पहुंचे और डीजे पर बज रहे गाने को लेकर पूछताछ करने लगे। बात बढ़ने पर आरोपितों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमले में भाई के पेट में चाकू से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना में शुभम यादव के सिर पर भी चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद शुभम को घर भेज दिया गया, जबकि उनके भाई ट्राॅमा सेंटर लखनऊ में भर्ती है। इंस्पेक्टर गौरीगंज श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जिला अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची थी। घायल शुभम यादव की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत किया गया है। हमलावरों की पहचान की जा रही है।