लखनऊ। रहीमाबाद थाने में तैनात दरोगा अनिरुद्ध ने तिरगवां निवासी इलियास पर फर्जी दस्तावेज लगाकर दो पासपोर्ट बनवाने का आरोप लगाया है। रहीमाबाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
दरोगा के मुताबिक आरोपी इलियास ने पहला पासपोर्ट चार सितंबर 2002 को बनवाया था। पासपोर्ट में उसका नाम मो. इलियास, जन्म तिथि 13 मार्च 1980 और मां का नाम बिल्किश दर्शाया गया था। वहीं, आरोपी ने दूसरा पासपोर्ट 28 फरवरी 2005 को बनवाया था, जिसमें उसका नाम इलियास अहमद, जन्म तिथि 25 जनवरी 1971 और मां का नाम किश्वरजहां लिखा था। इस जालसाजी का खुलासा क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय की जांच में हुआ। कार्यालय ने इसकी रिपोर्ट एसीपी मलिहाबाद को भेजी थी। दरोगा ने कहा कि जांच में आरोप सही पाए गए। इतना ही नहीं, उसने पासपोर्ट के जरिये कई विदेश यात्राएं और खाड़ी देशों में नौकरी भी की। इंस्पेक्टर रहीमाबाद अरुण कुमार त्रिगुनायक के मुताबिक मामले की विवेचना एडिशनल इंस्पेक्टर आशीष कुमार शुक्ला कर रहे हैं। जो भी साक्ष्य सामने आएंगे उस आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।