लखनऊ। सरोजनीनगर में शुक्रवार सुबह स्कूटर इंडिया कंपनी के गेट नंबर एक के सामने मौरंग लदा डंपर पीछे करते वक्त चपेट में आए मजदूर उन्नाव के सोहरामऊ ज्ञानपुर निवासी ललई (35) की कुचलकर मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
ललई सुबह करीब 8:30 बजे डंपर पीछे करवा रहे थे। इस दौरान चालक से डंपर अनियंत्रित हो गया और ललई पिछले पहिये की चपेट में आ गए। घटना से अफरातफरी मच गई। भीड़ जुटती देख चालक डंपर छोड़कर भाग निकला। लोगों ने ललई को किसी तरह बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इंस्पेक्टर सरोजनीनगर राजदेव प्रजापति के मुताबिक मजदूर के घरवालों की तहरीर पर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। ललई के परिवार में पत्नी, एक बेटा और दो बेटियां हैं।