बख्शी का तालाब। कस्बा निवासी युवक ने होटल संचालक व तीन साथियों पर उनके कपड़े उतरवाकर वीडियो बनाने और 35 हजार रुपये लूटने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर बीकेटी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
युवक के मुताबिक कुछ समय पहले ग्राइंडर एप के जरिये उनकी दोस्ती अलीगंज के पांडे टोला निवासी अभिषेक वर्मा से हुई थी। अभिषेक बख्शी का तालाब में जीसीआरजी कॉलेज के पास स्थित होटल गैलेक्सी में काम करता है। बृहस्पतिवार को उसने उन्हें होटल मिलने के लिए बुलाया था। वहां पहुंचने पर आरोपी उन्हें कमरे में ले गया। कुछ देर बाद अभिषेक के तीन साथी राजन कश्यप, रिशु कश्यप और शिवम सिंह भी कमरे में घुस आए। चारों उनसे गाली-गलौज करने लगे। फिर सारे कपड़े उतरवाकर उनका अश्लील वीडियो बना लिया। फिर दस हजार रुपये मोबाइल से ट्रांसफर कराए और डेबिट कार्ड से 25 हजार रुपये निकाल लिए। आरोपियों ने उन्हें बुरी तरह से पीटा और होटल से भगा दिया।
इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि होटल के सीसीटीवी फुटेज देखने के साथ ही आरोपियों की तलाश की जा रही है।