लखनऊ। मड़ियांव के घैला गांव के मोड़ के पास बुधवार को मृत मिले युवक की पहचान ठाकुरगंज के राधा ग्राम निवासी कृष्ण गुप्ता (25) के रूप में हुई है। सिर पर चोट पहुंचाकर व ब्लेड से गला रेत कर उनकी हत्या की गई थी। भाई सूरज ने कृष्ण की प्रेमिका के भाई मोहल्ले में ही रहने वाले मोनू यादव के खिलाफ मड़ियांव थाने में हत्या का केस दर्ज कराया है। पुलिस ने मोनू को हिरासत में ले लिया है। कृष्ण मंगलवार रात से लापता थे।
इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया कि बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे कृष्ण के परिजनों ने शव की शिनाख्त की। उनके भतीजे विशाल ने बताया कि चाचा निजी चालक थे। वह मंगलवार को काम से लौटने के बाद रात में बगैर बताए पैदल निकले थे। इसके बाद वह घर नहीं लौटे। बुधवार को उनका शव मड़ियांव के घैला गांव के पास पड़ा मिला था। शिनाख्त न होने पर मड़ियांव पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया था। बृहस्पतिवार को शिनाख्त के बाद भतीजे विशाल ने बताया कि चाचा का मोबाइल फोन व हाथ में पहना चांदी का ब्रेसलेट गायब है।
ठाकुरगंज पुलिस ने नहीं दर्ज की थी गुमशुदगी
भतीजे विशाल गुप्ता ने बताया कि मंगलवार रात करीब 8 बजे कृष्ण मोहल्ले में रहने वाले मोनू यादव के साथ घर से निकले थे। वापस न लौटने पर परिजन देर रात तक खोजबीन करते रहे, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। बुधवार सुबह परिजन ठाकुरगंज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने 24 घंटे इंतजार करने की बात कह लौटा दिया। बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर वायरल शव की फोटो देख परिजनों ने पहचान की।
दो माह पहले हुआ था विवाद
भतीजे विशाल ने बताया कि कृष्ण का मोनू यादव की बहन से प्रेम संबंध था। मोनू इसका विरोध करता था। दो माह पूर्व इसी बात पर दोनों में झगड़ा भी हुआ था। फिर कुछ दिनों बाद दोनों में दोस्ती हो गई थी। इस बीच मोनू अक्सर कृष्ण को अपने साथ ले जाता था। दोनों देर रात घर लौटते थे। मंगलवार रात कृष्ण के घर न लौटने पर परिजनों ने मोनू से उनके बारे में पूछा भी था, पर उसने कुछ नहीं बताया। पुलिस ने हरिनगर में स्थित देशी शराब के ठेके की फुटेज निकलवाई तो मंगलवार रात करीब 8ः28 बजे मोनू व कृष्ण साथ में शराब पीते दिखे। एसीपी अलीगंज धर्मेंद्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि आरोपी मोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के सूत्र बताते हैं कि प्रेम-प्रसंग में सिर पर वार कर व ब्लेड से गला रेतकर कृष्ण की हत्या की गई है। पुलिस को मौके से खून लगा ब्लेड भी मिला था।