लखनऊ। विभूतिखंड में शनिवार सुबह तेज रफ्तार एसयूवी वकील के मुंशी सुनील कुमार (32) से टकरा गई। इससे वह हवा में 20 फीट उछलकर सड़क पर जा गिरे। फिर आरोपी उन्हें रौंदते हुए भाग निकला। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एसयूवी पूर्व मंत्री जंग बहादुर सिंह की बहू की बताई जा रही है।
अयोध्या रोड पर सुषमा हॉस्पिटल के पास रहने वाले सुनील के बड़े भाई ने बताया कि शनिवार सुबह करीब छह बजे छोटा भाई सड़क किनारे चाय पी रहा था। तभी सामने से आई अनियंत्रित एसयूवी उससे टकरा गई। वह जब तक संभल पाता आरोपी ने भागने के चलते उसके पेट के ऊपर से एसयूवी निकाल दी। सुनील की माैके पर ही माैत हो गई।
एसयूवी पर लगा था भाजपा का झंडा : राहगीरों ने आरोपी चालक को पकड़ने का प्रयास किया, पर वह एसयूवी छोड़कर भाग निकला। एसयूवी पर भाजपा का झंडा और विधानसभा का पास लगा था। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने एसयूवी को कब्जे में ले लिया।
फुटेज के जरिये पकड़ में आया आरोपी : इंस्पेक्टर अमर सिंह ने बताया कि घटनास्थल व उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई । इसके जरिये आरोपी चालक अमेठी के रहने वाले मनोज कुमार को गिरफ्तार किया गया। उससे पूछताछ की जा रही है। सुनील के परिवार में पत्नी सरिता और दो बच्चे समर्थ, श्रवण हैं। पूर्व मंत्री जंग बहादुर ने बताया कि सुबह उनका नाबालिग पोता चालक के साथ लोहिया पार्क जाने के लिए निकला था, तभी हादसा हो गया। इसकी जानकारी पोते ने दी थी। मृतक के परिवार की हर संभव मदद की जाएगी।
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त एसयूवी।