लखनऊ। पीजीआई के कुम्हार मंडी मोड़ के पास शनिवार देर रात बाइक सवार दो युवक एक लोडर से टकरा गए। हादसे में बाइक सवार कुम्हार मंडी निवासी सादिक (25) की मौत हो गई, जबकि उनके दोस्त शकील घायल हो गए। शकील का इलाज एपेक्स ट्रॉमा-2 में चल रहा है।
सादिक के भाई चांद के मुताबिक, सादिक ई रिक्शा चलाते थे। शनिवार देर रात शकील के हाथ में चोट लग गई थी। सादिक शकील के हाथ में पट्टी बंधवाकर बाइक से लौट रहे थे। रात करीब दो बजे कुम्हार मंडी मोड़ के पास आगे चल रहे लोडर चालक ने बिना इंडिकेअर दिए ही वाहन मोड़ दिया। इससे पीछे आ रहे सादिक औ शकील लोडर में जा भिड़े और सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों दोस्तों को एपेक्स ट्रॉमा-2 में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने सादिक को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल शकील का इलाज चल रहा है।
इंस्पेक्टर पीजीआई धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि हादसे के बाद आरोपी लोडर चालक गाड़ी लेकर भाग गया। पुलिस उसकी तलाश में लगी है। युवकों के परिजनों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है।
हेलमेट पहने होते तो बच सकती थी जान
हादसे के वक्त बाइक चल रहे सादिक ने हेलमेट नहीं पहना था। सिर पर चोट लगने से उनकी मौत हुई है। पुलिस का मानना है कि सादिक ने हेलमेट पहना होता तो शायद उनकी जान बच जाती।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना
बाइक व लोडर के बीच हुई टक्कर सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई। फुटेज में बाइक सवार युवकों की रफ्तार अधिक नजर आई है। वहीं लोडर चालक ने भी टर्न लेते वक्त न तो इंडिकेटर दिया और न ही हाथ दिया। इसी की वजह से हादसा हुआ है।
सादिक बनने वाले थे पिता
सादिक के भाई चांद ने बताया कि भाई की शादी डेढ़ साल पहले हुई थी। उनकी पत्नी गर्भवती हैं और इसी माह उनकी डिलीवरी होनी है। अचानक सादिक की मौत से पूरे परिवार में मातम छाया हुआ है। घरवालों का रो-रो कर बुरा हाल है।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना।