लखनऊ। जानकीपुरम के सेक्टर छह में सोमवार दोपहर करीब चार बजे सोलर पैनल लगाते समय तीसरी मंजिल से गिरकर मड़ियांव गौरभीठ निवासी सुरेश यादव (22) की मौत हो गई। सुरेश के भाई नीरज ने अज्ञात पर लापरवाही से मौत का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है।
मड़ियांव केशवनगर निवासी सतीश कुमार यादव के मुताबिक, साला सुरेश मड़ियांव स्थित शाइन सोलर प्राइवेट कंपनी में सोलर पैनल एजेंसी में नौकरी करते थे। वह सोमवार को जानकीपुरम सेक्टर छह में सुनील मिश्रा के घर में सोलर पैनल लगाने गए थे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने की वजह से छत से नीचे गिर गए। कंपनी कर्मियों ने उन्हें गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया और फोन कर परिजनों को घटना की सूचना दी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सतीश का आरोप है कि घायल सुरेश को ट्रामा में भर्ती कराने के बाद कंपनी कर्मी भाग गए। सतीश ने सुरेश की हत्या का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। इंस्पेक्टर जानकीपुरम विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ लापरवाही से मौत की धारा में एफआईआर दर्ज की गई है। सुरेश के परिवार में मां माया देवी, पिता प्रताप और दो भाई हैं।