इमलिया सुल्तानपुर। दधि विसर्जन यात्रा में शामिल होने पहुंचे कबीरपुर निवासी करुणाशंकर (26) की सोमवार रात पिरई नदी में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। मंगलवार को गोताखोरों ने उनका शव बरामद किया।
भेलावां खुर्द में सोमवार देर शाम दधि महोत्सव का आयोजन किया गया था। इसमें कबीरपुर निवासी करुणाशंकर तिवारी उर्फ साकेत (26) भी शामिल होने पहुंचे थे। गोड़वा व भेलावां के बीच पिरई नदी पर दधि विसर्जन का कार्यक्रम हुआ। विसर्जन के बाद अन्य लोग वापस चले गए लेकिन करुणाशंकर नदी में नहाने चले गए। काफी देर बाद तक वह जब घर नहीं पहुंचे तो लोगों ने खोजबीन शुरू की।
रिश्तेदार व ग्रामीण खोजते हुए नदी के पास पहुंचे। नदी के पुल पर चप्पल और कपड़े रखे थे। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों ने नदी में उतरकर युवक को खोजने का प्रयास किया पर सुराग नहीं लग सका। मंगलवार को स्थानीय गोताखोरों ने दोबारा प्रयास किया तो युवक का शव झाड़ी में फंसा मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्राधिकारी नागेंद्र चौबे ने बताया कि परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। विधिक कार्यवाही की जा रही है।