लखनऊ। गौतमपल्ली में बृहस्पतिवार को देर रात सुल्तानपुर के अमेठी में रहने वाले प्रतीक मिश्रा (22) गोमती नदी में डूब गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, वहां उनकी मौत हो गई।
प्रतीक के पिता नरेंद्र मिश्रा के मुताबिक 20 फरवरी को बेटा दिल्ली के एक मॉल में नौकरी करने की बात कह कर घर से निकल गया था। कुछ दिन बाद काम छूटने पर लखनऊ आ गया था ओर चिनहट के कमता में किराये पर रहकर ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी में काम करता था। बृहस्पतिवार रात दो बजे रिवर फ्रंट के किनारे लोगों को गोमती में डूब रहे बेटे की चिल्लाने की आवाज सुनाई पड़ी थी।
नरेंद्र मिश्रा के मुताबिक प्रतीक की बाइक नदी किनारे खड़ी थी। आरोप है कि तीन लोगों ने बेटे को नशीला पदार्थ पिलाकर लूटपाट की कोशिश की थी। विरोध पर धक्का दे दिया। इंस्पेक्टर पंकज कुमार अम्बष्ट के मुताबिक तहरीर नहीं मिली है। प्रतीक के परिवार में मां रीता और बहन हैं। इकलौते बेटे की मौत की सूचना मिलते ही रीता बेसुध हो गईं। इस वर्ष नवंबर में प्रतीक की शादी होनी थी।