मलिहाबाद। मलिहाबाद इलाके में ई रिक्शा से टकराने के बाद अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार हरदोई अतरौली महगांव निवासी दिनेश अवस्थी (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
दिनेश के छोटे भाई उमेश चंद्र ने बताया कि दिनेश आलमबाग में निजी स्कूल में वाहन चालक थे। शुक्रवार देर रात लगभग साढ़े दस बजे बाइक से घर जा रहे थे। मलिहाबाद के पाठकगंज महमूदनगर गांव के पास अंधेरे में ई रिक्शा से उनकी बाइक टकरा गई और वह बाइक लेकर सड़क पर जा गिरे। इस बीच पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के वक्त दिनेश ने हेलमेट नहीं पहना था।
उनके परिवार में मां सरस्वती, पत्नी रिशू, बेटी मनु, पंखू और शुभम हैं। इंस्पेक्टर मलिहाबाद सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से टक्कर मारने वाले वाहन के बारे में पता लगा रही है।