माल। बीघापुर गांव स्थित पेट्रोल पंप के निकट बुधवार दोपहर बिना हेलमेट बाइक सवार रामजीवन (28) की डाले की टक्कर लगने से मौत हो गई। घटना से नाराज परिजनों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन भी किया।
मसीढा हमीर गांव निवासी रामजीवन की गोपरामऊ गांव में ससुराल है। बुधवार दोपहर लगभग दो बजे वह ससुराल से घर बाइक से जा रहे थे। बीघापुर गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही पीछे से तेज रफ्तार डाले की टक्कर से वह छिटक कर दूर जा गिरे। हादसे में सिर पर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
खबर पाकर परिजन व ग्रामीण एकत्र हो गए। आरोपी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर लोगों ने माल-जेहटा मार्ग जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंचे सहायक पुलिस आयुक्त विनीत सिंह ने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर आधे घंटे में प्रदर्शन खत्म कराया। इस संबंध में एसएसआई माल हरिदास चौरसिया ने बताया कि रामजीवन के पिता श्रीकृष्ण की तहरीर पर अज्ञात डाला चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उनके परिवार में पत्नी सीमा बेटी खुशी व बेटा आर्यन हैं।
रामजीवन की फाइल फोटो।