लखनऊ। सुल्तानपुर से साथियों के साथ बिना लाइसेंस के पिस्ताैल लेकर लखनऊ घूमने आए युवक को गौतमपल्ली पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। इसके तीन साथी मौके से भाग निकले। पुलिस ने चार पर केस दर्ज कर पकड़े गए आरोपी को जेल भेज दिया और पिस्ताैल को कब्जे में ले लिया।
इंस्पेक्टर गौतमपल्ली रत्नेश कुमार सिंह के मुताबिक शुक्रवार रात दरोगा अमित कुमार व अन्य पुलिसकर्मियों को वाहन चेकिंग के दौरान चटोरी गली के पीछे एसयूवी खड़ी मिली। दरोगा जब एसयूवी की ओर जाने लगे तो उसमें से तीन लोग निकले और रिवर फ्रंट की ओर भाग गए। एसयूवी में तीन लोग सवार मिले। इनमें दो किशोर थे। ड्राइविंग सीट पर बैठे युवक ने अपना नाम सुल्तानपुर के हनुमानगंज निवासी रुद्र प्रताप बताया। भागे हुए साथी शानू हाशमी, शान और हन्नान थे। तलाशी में पुलिस को ड्राइविंग सीट के नीचे पिस्ताैल मिली। पूछताछ में रुद्र ने दोनों किशोरों को परिचित बताया। रुद्र ने कहा कि वह तीनों साथियों व किशोरों के साथ लखनऊ घूमने आया था। किशोरों को इंटीग्रल यूनिवर्सिटी छोड़ना था। रास्ते में चाय पीने के लिए रुके थे।
इंस्पेक्टर के मुताबिक आरोपी गाड़ी के कागज भी नहीं दिखा सका। पूछताछ में पता चला कि रुद्र के सुल्तानपुर निवासी साथी अनिल कुमार यादव ने एसयूवी खरीदी थी। इसे लेकर वह घूमने आया था। एसयूवी सीज कर दी गई। नोटिस देकर किशोरों को छोड़ दिया गया।