लखनऊ। किस्तों पर प्लाट बेचने के नाम वजीरगंज के जवाहरनगर निवासी मीरा से 3.50 लाख रुपये ठग लिए गए। रजिस्ट्री के लिए संपर्क करने पर आरोपी मोहम्मद नदीम ने प्लॉट सीलिंग में जाने की बात कही। रुपये वापस मांगने पर धमकाया। डीजीपी कार्यालय में शिकायत के बाद वजीरगंज थाने में केस दर्ज किया गया है।
मूल रूप से मऊ के घोसी निवासी मीरा के मुताबिक मार्च 2017 में मोहम्मद नदीम से सैथा गांव में 1365 वर्गफीट का एक प्लॉट का एग्रीमेंट किया था। पीड़ित ने एग्रीमेंट के दौरान एडवांस के तौर पर 1.64 लाख रुपये चेक व नकद दिए थे। शेष रकम किस्तों में देनी थी। करीब 3.50 लाख रुपये लेने के बाद आरोपी ने प्लॉट न देने की बात कही। बोला कि प्लॉट सीलिंग में चला गया है। पीड़िता ने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने दूसरा प्लॉट दिलाने की बात कही। छह साल की टालमटोल के बाद पीड़िता ने रुपये वापस मांगे तो आरोपी नदीम ने गाली-गलौज कर धमकाया। इंस्पेक्टर वजीरगंज राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मोहम्मद नदीम निवासी गिरधारी लाल माथुर रोड ठाकुरगंज के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में लगी है।