लखनऊ। माल सीएचसी के बाहर बैठी शाहमऊ निवासी सरोज रैदास (35) की सोमवार को मौत हो गई। भतीजे मनीष ने बताया कि उसकी चाची के गले में दिक्कत थी और हार्ट का भी इलाज चल रहा था।
हरदोई के ग्राम भरावन निवासी मनीष के मुताबिक सोमवार सुबह साढ़े नौ बजे सरोज इलाज कराने माल सीएचसी पहुंचीं। दवा लेने के बाद वह बाहर ही बैठ गईं। रात 11 बजे पुलिस ने घरवालों को फोन करके बताया कि सरोज की सीएचसी पर ही मौत हो गई है। मनीष ने बताया कि दवा खाने के बाद चाची को उल्टी हुई। फिर हालत बिगड़ती चली गई।
आरोप लगाया कि चाचा जगदीश ने बीमारी के बाद भी उनका इलाज नहीं कराया। चाची की हालत बिगड़ने पर चाचा को फोन मिलाया गया, लेकिन उन्होंने उठाया नहीं। जगदीश राज मिस्त्री का काम करते हैं।
उधर, सीएचसी अधीक्षक डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि महिला सुबह खांसी, जुकाम की दवा लेकर चली गई थी। तबीयत बिगड़ने पर पता चला कि वह घर नहीं गई और पूरा दिन अस्पताल के बाहर छांव में बैठी रही। देर रात तबीयत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण पता चल सकेगा।