कठौता झील के पास पड़ा मिला युवती का शव।
- फोटो : amar ujala
लखनऊ के विभूतिखंड निवासी अमन कश्यप ने रविवार सुबह गोमतीनगर थाने पहुंच कर युवती की हत्या करने की सूचना दी। यह सुन पुलिस दंग रह गई। पुलिस आननफानन घटनास्थल पर पहुंची तो उसे युवती का शव नहीं मिला।
इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी के मुताबिक विभूतिखंड में मधुरिमा स्वीट के पास ओवरब्रिज के नीचे मजदूर अमन कश्यप रहता है। अमन ने बताया कि उसे शनिवार शाम करीब छह बजे ओवरब्रिज के पास बाराबंकी निवासी निधि मिली थी। निधि रात में अमन के साथ ठहरी थी। सुबह होने पर निधि ने उसे बाराबंकी जाने के लिए ट्रेन में बैठाने की बात कही थी। ऐसे में वह निधि के साथ हुसड़िया रेलवे क्रॉसिंग से दो सौ मीटर आगे पहुंचा था। तभी अचानक उसने अमन का गला कसना शुरू कर दिया। किसी तरह से अमन ने खुद को बचाया और अपने साथ लाए गमछे से निधि का गला कस दिया। उसके अचेत होते ही अमन घबरा गया और वहां से भाग निकला।
घटनास्थल से कुछ दूरी पर खड़े एक पुलिसकर्मी को अमन ने पूरी घटना बताई तो वह दंग रह गया। पुलिसकर्मी आरोपी को अपने साथ गोमतीनगर थाने ले गया। इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गमछा बरामद कर लिया। पुलिस ने दो घंटे तक निरीक्षण किया मगर निधी का शव नहीं मिला। इस बीच आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा। इंस्पेक्टर के मुताबिक आशंका है कि गला कसने पर निधि बेहोश हो गई हो। पुलिस के पहुंचने से पहले ही होश आने पर वह चली गई हो। हालांकि आरोपी अमन को हिरासत में लिया गया है। पुलिस टीम जांच कर रही है।