आशियाना के रुचिखंड स्थित सीआरपीएफ में तैनात जैन कुमार के मकान में उसके 45 वर्षीय दोस्त व फल कारोबारी अजय दुबे का शव मिलने से हड़कंप मच गया। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। पुलिस खुदकुशी या जहरीला पदार्थ खाने से मौत की आशंका जता रही है। इंस्पेक्टर संजय राय का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह पता चलेगी।
इंस्पेक्टर ने बताया कि अजय मूलरूप से देवरिया के रुद्रपुर स्थित जोगिया बुजुर्ग का रहने वाला था और यहां मड़ियांव में किराए के मकान में रहकर वहीं सब्जी मंडी में फलों की दुकान करता था। उसकी पत्नी कई साल पहले छोड़कर जा चुकी है। जैन भी मूलरूप से देवरिया के हैं और यहां रुचिखंड में अपना मकान बनवाकर रह रहे हैं।
चार दिन पहले वह अजय को घर की देखभाल का जिम्मा सौंपकर वह पैतृक आवास गए थे। अजय दुकान से लौटकर जैन के मकान के बाहरी कमरे में ही सो जाता था। सोमवार सुबह पड़ोस में रहने वाला एक युवक भीतर आया तो कमरे में चारपाई पर अजय को मृत अवस्था में पड़ा देख होश उड़ गए। सूचना पाकर पुलिस आ गई। इंस्पेक्टर का कहना है कि मौत की वजह के बारे में पड़ताल की जा रही है।