लखनऊ। ख्याल की बंदिशों में रागों की मिठास, तबले की थाप में ताल का अनुशासन और कथक की थिरकन में भावों की अभिव्यक्ति। उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के घराना संगीत समारोह में शनिवार को एक मंच पर शास्त्रीय संगीत की तीन विधाओं का संगम देखने को मिला। पुणे की किराना घराना की गायिका अश्विनी मोडक का शास्त्रीय गायन शाम का मुख्य आकर्षण रहा। गोमतीनगर स्थित संत गाडगे जी महाराज प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह का शुभारंभ अकादमी अध्यक्ष प्रो. जयंत खोत, उपाध्यक्ष विभा सिंह और निदेशक राजकुमार ने किया। अश्विनी मोडक ने राग गवती में बड़ा ख्याल ‘तुमरे गुण गाऊं’ और छोटा ख्याल ‘मोरे मंदिर आए’ प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। प्रादेशिक संगीत प्रतियोगिता 2025 के किशोर वर्ग की विजेता विधि जोशी ने लखनवी कथक में थाट, आमद, 51 चक्कर और परन प्रस्तुत किए। गुरु डॉ. सुरभि शुक्ला ने पढ़ंत की। समारोह में संगीत वाद्य यंत्रों, घरानों, चित्रकला और रंगोली की प्रदर्शनियां भी लगाई गईं। संचालन श्वेता तिवारी ने किया।
प्रस्तुति देती कलाकार।
प्रस्तुति देती कलाकार।