फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रायबरेली में नौचंदी एक्सप्रेस की चपेट में आई ट्राली क्षतिग्रस्त, इंजन हुआ फेल

Fri, 22 Nov 2019 07:27 PM IST
ishwar ashish न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रायबरेली
विज्ञापन
नौचंदी एक्सप्रेस का इंजन ट्रॉली से टकराया। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

ऊंचाहार-रायबरेली रेल खंड पर शुक्रवार को सुबह फर्राटा भर रही नौचंदी एक्सप्रेस की चपेट में ट्रैक्टर ट्राली आ गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर को लेकर भाग गया, जबकि क्षतिग्रस्त ट्राली घटनास्थल पर ही छोड़ दी। हादसे में ट्रेन के इंजन में भी फाल्ट आई। जैसे-तैसे ट्रेन को खींचकर ऊंचाहार तक ले जाया गया, जहां दूसरा इंजन लगाकर गाड़ी को रवाना किया गया। इसके चलते लक्ष्मणपुर और ऊंचाहार में ट्रेन को आधे-आधे घंटे रोकना पड़ा। मामले में आरपीएफ ऊंचाहार ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

विज्ञापन


यह घटना दरियापुर और लक्ष्मणपुर रेलवे स्टेशनों के बीच एकौना गांव में बने अंडरपास के निकट घटी। अंडरपास में पानी भरा होने के कारण एक ट्रैक्टर ट्राली पटरी के ऊपर से ही दूसरी तरफ जा रही थी। इसी बीच रायबरेली से ऊंचाहार की तरफ दौड़ रही गाड़ी संख्या 14512 नौचंदी एक्सप्रेस आ गई। ट्रेन को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया, लेकिन रफ्तार अधिक होने के कारण ट्रेन का इंजन ट्राली के पिछले हिस्से से टकरा गया। हादसे में जहां ट्राली का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं इंजन में भी फाल्ट आई और उसके पीछे लगी बोगी का कुछ हिस्सा टूट गया। हादसे के तुरंत बाद चालक ने ट्राली को वहीं छोड़ा और ट्रैक्टर को खोलकर भाग गया।

कुछ देर गाड़ी खड़ी रहने के बाद जैसे-तैसे नौचंदी एक्सप्रेस को लक्ष्मणपुर स्टेशन ले जाया गया, जहां आधे घंटे गाड़ी खड़ी रही। लिखापढ़ी करने के बाद नौचंदी ऊंचाहार पहुंची, जहां दूसरे इंजन के इंतजार में गाड़ी को फिर आधे घंटे तक रोके रखना पड़ा। दूसरा इंजन लगाकर गाड़ी को रवाना कर दिया गया। लक्ष्मणपुर के आनड्यूटी स्टेशन मास्टर जेपी यादव ने मामले की तहरीर ऊंचाहार आरपीएफ को दी, जिस पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
विज्ञापन


ऊंचाहार के स्टेशन अधीक्षक रामसुमेर यादव ने बताया कि नौचंदी एक्सप्रेस के इंजन में फाल्ट बहुत ज्यादा थी, जिससे गाड़ी को आगे भेजना सही नहीं था। ऐसे में दूसरा इंजन लगाकर नौचंदी को रवाना किया गया। उधर, घटनास्थल पर भदोखर थाने की पुलिस भी पहुंची और छानबीन की।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें