टाइल्स शोरूम में सुतली बम के हमले के बाद टूटा पड़ा सामान व मैनेजर अंकित।
लखनऊ। दुबग्गा में रंगदारी के दस लाख रुपये नहीं देने पर बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने शुक्रवार शाम पांच बजे टाइल्स और मार्बल शोरूम पर सुतली बम से हमला कर दिया। शोरूम में मौजूद मैनेज, दो मजदूर और ग्राहक बाल-बाल बच गए। दुबग्गा पुलिस ने आरोपी बदमाशों के खिलाप एफआईआर दर्ज की है।
रहीमाबाद के कहला गांव निवासी शादाब का अंधे की चौकी सिकरौरी में टाइल्स व मार्बल का शोरूम है। शोरूम में मलिहाबाद के ढकवा गांव निवासी अंकित सिंह मैनेजर हैं। अंकित के मुताबिक शुक्रवार शाम बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश शोरूम के सामने रुके और सड़क से दो सुतली बम शोरूम पर फेंक दिए। तेज धमाके के साथ शीशा टूट गया। घटना से वहां हड़कंप मच गया। शोरूम में मौजूद अंकित, मजदूर संतु, महेंद्र व ग्राहक बाल-बाल बच गए। सभी अपनी जान बचा कर भाग गए।
चार दिन पहले रंगदारी न देने पर दी थी हमले की धमकी
मैनेजर अंकित ने बताया कि चार दिन पहले दुकान के मोबाइल पर व्हाट्सप के जरिये रंगादारी मांगी गई थी। सोमवार को उसी नंबर से व्हाट्सएप कॉल भी आई थी। अज्ञात ने रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। उन्होंने इसकी जानकारी मालिक शादाब को दी थी। अंकित का आरोप है कि जब थाने को सूचना दी गई तो शिकायत दर्ज किए बिना ही दुबग्गा पुलिस ने नशे में होने की बात कहकर फटकार लगाते हुए उन्हें लौटा दिया था। शुक्रवार को घटना के बाद दुबग्गा पुलिस ने शोरूम व उसके आसपास लगे दस से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इंस्पेक्टर अभिनव वर्मा के मुताबिक पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर एक टीम को दोनों बाइक सवार अज्ञात बदमाशों की पहचान कर तलाश में लगाया गया है। वहीं दिनदहाड़े हुए इस हमले से व्यापारियों में भय व्याप्त है।
टाइल्स शोरूम में सुतली बम के हमले के बाद टूटा पड़ा सामान व मैनेजर अंकित।