मलिहाबाद। क्षेत्र के कनार गांव के पास बेहता नाले में दोस्तों के साथ नहाने गए रुद्र प्रताप सिंह (12) की डूबने से मौत हो गई। पुलिस के समझाने पर परिजन शव के पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए।
कनार गांव से करीब 300 मीटर दूरी पर बेहता नाला है। मंगलवार दोपहर तीन बजे रुद्र गांव के दोस्तों विनय (10), ऋषि (11), यश (10), अभि गौतम (10), अभिषेक (10) के साथ नहाने गया था। इस दौरान अचानक वह पानी में डूबने लगा। रुद्र को डूबता देख दोस्त घबरा गए और शोर मचाते हुए लुधौसी गांव की ओर भागे। शोर सुन ग्रामीण मदद के लिए पहुंचे। खबर पाकर रुद्र के परिजन व पुलिस भी पहुंची। पुलिसवाले गांव वालों की मदद से किसी तरह रुद्र को बाहर निकलकर सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर मलिहाबाद सुरेंद्र कुमार भाटी ने बताया कि परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है। रुद्र पांचवीं कक्षा का छात्र था। उसके परिवार में पिता बृजेश गौतम और छह बहनें हैं।
तैरना नहीं जानते थे किशोर
ग्रामीणों ने बताया कि रुद्र और उसके साथी तैरना नहीं जानते थे। अगर इनमें से कोई तैरना जानता होता तो शायद रुद्र की जान बच सकती थी। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम छाया है।