पीसीएस की तैयारी कर रही छात्रा को दी दुष्कर्म की धमकी
लखनऊ। पीसीएस की तैयारी कर रही छात्रा को दुष्कर्म की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने गोमतीनगर थाने में केस दर्ज कराया है।
गोमतीनगर में किराये पर रह रही छात्रा के मुताबिक एक सप्ताह पहले फेसबुक पर गुंजन नाम के युवक की रिक्वेस्ट आई थी। दोनों में बातचीत होने लगी। आरोप है कि गुंजन ने पत्रकारपुरम बुलाया। वहां पहुंचने पर बताया कि नया काम शुरू करने जा रहा है। ऑफिस खोलकर उसे नौकरी देगा। इस दौरान आरोपी ने होटल में चलने और फिर घूमने की बात ही। छात्रा को कुछ शक हुआ और इन्कार कर दिया। मिलना और बात करना भी बंद कर दिया। नंबर व फेसबुक ब्लॉक करने पर आरोपी ने 27 अप्रैल को मेसेज पर गालियां लिखकर भेजीं और दुष्कर्म करने की धमकी दी। इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।