मोबाइल पर बात करते-करते छत से गिरी छात्रा, मौत
लखनऊ। कृष्णानगर में शनिवार रात सुनहरा निवासी छात्रा साक्षी (19) मोबाइल पर बात करते-करते अचानक मकान की तीसरी मंजिल से नीचे गिर गई। घटना में उसकी मौत हो गई।
मृतका के पिता धनी के मुताबिक बेटी साक्षी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। शनिवार रात पत्नी आशा खाना बना रही थीं। बेटी मकान की तीसरी मंजिल पर किसी से बात कर रही थी। रात नौ बजे वह छत से नीचे सड़क पर जा गिरी। शोर सुनकर आशा घर से बाहर आईं तो बेटी को लहूलुहान देखकर उनकी चीख निकल पड़ी। पड़ोसियों की मदद से बेटी को लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया, वहां इलाज के दौरान साक्षी की मौत हो गई। परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।
छत पर भरा था पानी, पैर फिसलने से सड़क पर गिरा मिस्त्री, मौत
लखनऊ। कैंट के मोहनगंज निवासी किशन (55) मिस्त्री थे। उनके बेटे रोशन ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर में पिता कपड़े फैलाने छत पर गए। छत पर पानी भरने के कारण पिता का पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ने से वह अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरे। लोगों ने पिता को ट्राॅमा सेंटर पहुंचाया, वहां रविवार सुबह उनकी मौत हो गई। किशन की पत्नी पूनम की पांच साल पहले मौत हो चुकी है।