लखनऊ। आगामी 22वीं बाबू बनारसी दास (बीबीडी) ए, बी और सी डिवीजन क्रिकेट लीग के प्रारूप में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ (सीएएल) ने खिलाड़ियों के हित और प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के लिए परिवर्तन किए हैं। सीएएल के सचिव केएम खान ने बताया कि इस बार टीमों को अधिक मैच खेलने का अवसर मिलेगा। लीग में तय मानदंडों के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सीधे अंतर-जनपदीय मैचों में खेलने की प्राथमिकता दी जाएगी।
नए नियमों के अनुसार लीग-कम-नॉकआउट प्रारूप में ए डिवीजन की प्रत्येक टीम को नौ मैच, बी डिवीजन को आठ मैच और सी डिवीजन की टीमों को छह मैच खेलने को मिलेंगे। वहीं नॉकआउट स्टेज के लिए ए व बी डिवीजन के प्रत्येक पूल से चार-चार टीमें और सी डिवीजन के हर पूल से तीन टीमें क्वालीफाई करेंगी।
अंतर-जनपदीय मैच में जगह बनाने के िलए के लिए ए डिवीजन में 500 रन, स्पिनरों के लिए 27 विकेट और तेज गेंदबाजों के लिए 25 विकेट तय किए गए हैं। बी डिवीजन में 600 रन, स्पिनरों के लिए 30 विकेट और तेज गेंदबाजों के लिए 27 विकेट का मानक रहेगा। सी डिवीजन में 425 रन बनाने वाले बल्लेबाज, 23 विकेट लेने वाले स्पिनर और 21 विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज सीधे चुने जाएंगे। ए डिवीजन के सभी मैच रंगीन पोशाक (कलर ड्रेस) में आयोजित होंगे और प्रत्येक मैच में चार नए गेंदों का उपयोग किया जाएगा।