हादसे में कार के उड़े परखचे व मौजूद लोग।
काकोरी। काकोरी में रविवार देर रात किसान पथ तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। क्षतिग्रस्त हो चुकी कार में सवार पांच लोग फंस गए। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दमकल और एसडीआरएफ ने गंभीर रूप से सभी घायलों को बाहर निकाला। पुलिस ने उन्हें ट्राॅमा सेंटर पहुंचाया।
इंस्पेक्टर सतीश राठौर ने बताया कि बंथरा के भटगांव निवासी जीशान लाला, दोस्त अधिवक्ता जीशान, भाई उजैफा, नूर और फैजल के साथ कार से आगरा लौट रहे थे। कार जीशान लाला चला रहे थे। कार की रफ्तार काफी तेज थी। रात करीब 11 बजे काकोरी के उदित खेड़ा गांव के पास कार ट्रक में जा घुसी। कार के परखच्चे उड़ गए। चीखपुकार सुन लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने पांचों को निकालने की कोशिश की मगर वह कुछ नहीं कर सकी। मदद के लिए दमकल कर्मियों, एसडीआरएफ और एनएचएआई की टीम को बुलाया गया।
टीम ने एक घंटे में चार लोगों को तो निकाल लिया, मगर जीशान लाला फंसे रह गए। ऐसे में क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया। करीब दो घंटे बाद वह भी निकाले जा सके।
घटनास्थल से भाग निकला चालक
समदा चौकी इंचार्ज शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि घटनास्थल से ट्रक चालक भाग निकला। घायलों को अस्पताल पहुंचाकर घरवालों को सूचना दी गई है। सभी का ट्राॅमा सेंटर में इलाज चल रहा है।
ढाई घंटे किसान पथ जाम
हादसे के बाद किसान पथ पर काकोरी से बंथरा जाने वाले मार्ग पर करीब ढाई घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। सड़क पर वाहनों की कतार लगभग दो किलोमीटर तक फैल गई, जिससे राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी।
हादसे में कार के उड़े परखचे व मौजूद लोग।