सरोजनीनगर। अमौसी रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार दोपहर बिरयानी की एक दुकान में खाना बनाते समय चूल्हे से गैस पाइप निकल गया, जिससे सिलिंडर ने आग पकड़ ली। इस घटना में दुकान के दो कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें पुलिस ने सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है।
अमौसी गांव निवासी दिलशाद उर्फ शिबू की रेलवे स्टेशन के पास बिरयानी की दुकान है। सीतापुर के रामपुर मथुरा निवासी सुफियान (22) और अफजल (23) दुकान में ही रहते और काम करते हैं। मंगलवार को दुकान बंद थी, लेकिन अंदर सुफियान (22) और अफजल (23) खाना बना रहे थे। दोपहर करीब 12:30 बजे अचानक चूल्हे से पाइप निकल गया और आग भड़क उठी। आग बुझाने के प्रयास में दोनों कर्मचारी बुरी तरह झुलस गए। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोगों ने शटर उठाकर दोनों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सरोजनीनगर पुलिस और दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। एफएसओ धर्मपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकान संचालक दिलशाद के अनुसार, आग से लगभग दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
आग बुझाता फायरकर्मी।