लखनऊ। मड़ियांव की मधुवन विहार कॉलोनी में बृहस्पतिवार रात नौवीं के छात्र अरमान सिंह (15) ने घर में फंदा लगा लिया। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।
मूल रूप से मैनपुरी निवासी कमल किशोर मधुवन विहार कॉलोनी में पत्नी मंजू, तीन बेटियों व बेटे अरमान के साथ रहते हैं। उनकी यादव चौराहे पर स्टेशनरी की दुकान है। उनकी पत्नी मंजू ने बताया कि अरमान बृहस्पतिवार रात कुत्ते लेकर टहलने निकला था। कुछ देर बाद वह लौटा और कमरे में चला गया। थोड़ी देर बाद वह कमरे में गईं तो उनकी चीख निकल गई। अरमान पंखे से दुप्पटे के सहारे लटका हुआ था।
शोर सुन अरमान की बहनें भी आ गईं। मंजू ने लोगों की मदद से अरमान को उतारा और अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल था। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि सुसाइड नोट न मिलने से आत्महत्या का कारण पता नहीं चल सका है। घरवाले भी कुछ बता नहीं सके हैं। शिकायत मिलने पर कार्रवाई होगी।