गोमतीनगर विस्तार बंधा रोड से कानपुर रोड और क्रिकेट स्टेडियम की तरफ जाने के लिए वाहन रॉन्ग साइड से जाने को मजबूर हैं।
अब यहां एलडीए एक नई सड़क बनाएगा जोकि वाहनों को एसएसबी बिल्डिंग के आगे अंडरपास से होते हुए जोड़ेगी। यहां से वाहन रैंप से होकर शहीद पथ पर वापस पहुंच सकेंगे।
वहीं क्रिकेट स्टेडियम होकर पैलेसियो मॉल भी जाना आसान हो जाएगा। रॉन्ग साइड वाहनों के चलने से यहां हादसे की आशंका बनी रहती है।
एलडीए के मुख्य अभियंता इंदुशेखर सिंह ने बताया कि गोमतीनगर विस्तार बंधा रोड जहां शहीद पथ पर मिलती है, वहां से करीब 600 मीटर पहले से एक रैंप उतारा जाएगा।
इस रैंप को नीचे एलडीए की गोमतीनगर विस्तार योजना की जमीन पर नौ मीटर सड़क बनाते हुए एसएसबी बिल्डिंग के सामने शहीद पथ के अंडरपास से जोड़ दिया जाएगा।
एसएसबी बिल्डिंग के सामने पहले से ही रैंप बना हुआ है। इसको केवल मरम्मत ही करनी होगी। करीब 12 करोड़ रुपये इस प्रोजेक्ट पर खर्च होंगे। इससे यहां से आने-जाने वाले वाहन चालकों को आसानी होगी।
छह महीने में बढ़ गया यातायात
एलडीए अधिकारियों का कहना है कि पिपराघाट पुल के बाद 1090 चौराहा से आने वाले ट्रैफिक के लिए भी जनेश्वर मिश्र पार्क के पास रेलवे अंडरपास शुरू हो गया है। वहीं क्रिकेट स्टेडियम के पास पैलेसियो मॉल भी अब शुरू हो चुका है। यहां काफी लोग पहुंचते हैं। किसी क्रिकेट मैच के समय यह भीड़ और अधिक बढ़ेगी। पुलिस भवन और दूसरे कार्यालयों में भी आने-जाने वालों की संख्या काफी है। ऐसे में रॉन्ग साइड बड़ी संख्या में वाहन पुलिस भवन की तरफ बने रैंप से गुजरते हैं।
बंधा रोड पर सड़क को संवारने का काम शुरू
इस नई सड़क को बनाने से पहले आवाजाही आसान और सुरक्षित बनाने के लिए एलडीए बंधा रोड को भी ठीक कर रहा है। काम अधूरा होने की वजह से पिछले पांच साल में सड़क काफी जर्जर हो गई थी। इसे मॉडल सड़क के रूप में एलडीए ने सपा सरकार में तैयार किया था। यहां अब ड्रेनेज सिस्टम के अलावा पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ सही करने और हरियाली बढ़ाने का काम पूरा किया जा रहा है।