लखनऊ। सीजी सिटी (चक गंजरिया) में इकाना क्रिकेट स्टेडियम के पीछे बना फुटओवर ब्रिज खानपान के शौकीनों के लिए नया ठिकाना बनेगा। इसके लिए फुटओवर ब्रिज के आसपास का 20 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल मनोरंजन गतिविधियों के लिहाज से विकसित किया जाएगा। एलडीए ने इसके लिए आरएफपी (रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल) जारी कर दिया है। एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि सीजी सिटी में हार्मनी पार्क के जिस स्थल को विकसित किया जाएगा, वह कला, शिल्प और संस्कृति पर केंद्रित होगा। इस क्षेत्र में फुटओवर ब्रिज भी बना है, जिसके पास सात दुकानें बनाई जाएंगी, जहां लोग तरह-तरह के व्यंजनों का लुत्फ उठा सकेंगे। इसके अलावा यहां सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए विशेष स्थान भी विकसित किया जाएगा, जहां आर्ट गैलरी, ओपन माइक, नाटक, मूक अभिनय जैसी गतिविधियां संचालित की जा सकेंगी। साथ ही फुटओवर ब्रिज के पास एक इंटरप्रिटेशन सेंटर का भी प्रावधान किया जाएगा, जहां लोगों को वेटलैंड और पक्षियों से संबंधित विस्तृत जानकारी मिलेगी। यह क्षेत्र शहीद पथ व इकाना क्रिकेट स्टेडियम से मात्र एक किमी की दूरी पर है, जिससे लोगों को सीधी व आसान कनेक्टिविटी मिलेगी।