निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान बरती गई लापरवाही ने एक नवजात की जान ले ली। प्रसव बाद फिसल जाने के कारण नवजात फर्श पर गिर गया था। पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया।
अस्पताल संचालक मामले को रफा दफा करने के लिए मृतक के परिजनों की मान-मन्नौव्वल में जुटा है। देर शाम तक मृतक के परिजनों ने इस मामले को लेकर पुलिस में भी कोई तहरीर नहीं दी है। टिकैतनगर थाना क्षेत्र के विद्यानगर गांव निवासी महेश ने पत्नी पूनम को प्रसव के लिए दरियाबाद कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पूनम ने सामान्य प्रसव के दौरान दोपहर करीब 12 बजे एक पुत्र को जन्म दिया।
ये भी पढ़ें - लेखपाल बनी पत्नी ने उत्पीड़न का आरोप लगाकर पति से मांगा तलाक, अदालत ने किया खारिज
ये भी पढ़ें - नौ अगस्त से शुरू होगा मेरी माटी-मेरा देश अभियान, सीएम योगी की अपील- हर प्रदेशवासी बने सहभागी
परिजनों का आरोप है कि प्रसव के बाद बरती गई लापरवाही के कारण बच्चा नर्स के हाथ से फिसल कर जमीन पर गिर गया। इससे सिर में चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह पूरा मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा।
हालांकि देर शाम तक मृतक नवजात के परिजनों ने कोई भी तहरीर पुलिस को नहीं दी है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित दुबे ने बताया इस मामले की जानकारी सोशल मीडिया से हुई है। शिकायत मिलने पर जरूरी कार्रवाई तय होगी।