लखनऊ। सुगम संगीत में सुर और ताल के साथ गीत के शब्दों का भाव और गायकी का अंदाज भी महत्वपूर्ण होता है। रागदारी और भावों की सटीक अभिव्यक्ति ही गायन को प्रभावशाली बनाती है। शनिवार को भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यशाला में पुणे की प्रख्यात संगीत कलाकार विदुषी संगीता नेरुरकर ने विद्यार्थियों को गायन की इन्हीं बारीकियों से रूबरू कराया। उन्होंने प्रस्तुतियों के जरिये सुगम संगीत की विभिन्न विधाओं और शैलियों का व्यावहारिक ज्ञान दिया।
विज्ञापन
गायन विभाग की ओर से आयोजित कार्यशाला में उन्होंने ठुमरी, गजल और विभिन्न तालों पर आधारित रचनाएं प्रस्तुत कीं। उन्होंने बेगम अख्तर और केएल सहगल की गायन शैली और संगीत में योगदान पर भी चर्चा की। संवाद सत्र में विद्यार्थियों ने सवाल पूछकर मार्गदर्शन लिया। कुलपति प्रो. मांडवी सिंह और कुलसचिव अतुल कुमार ने कहा कि ऐसी कार्यशालाएं विद्यार्थियों को संगीत की समृद्ध परंपरा और प्रतिष्ठित कलाकारों से जोड़ती हैं।