मोबाइल पर पत्नी का अपनी मां से हंस कर बोलना शौहर को इतना नागवार गुजरा कि उसने बीवी को तीन तलाक दे दिया। ये मामला है वजीरगंज के रसूलपुर गांव का। सोमवार को सुलह कराने के लिए पंचायत बैठी तो शौहर वहां भी तलाक-तलाक-तलाक कह कर भाग निकला।
बुधवार को मामला पुलिस तक पहुंचा। वजीरगंज कोतवाली में देर रात तक मामला सुलझाने के लिए दोनों पक्षों की पंचायत होती रही।
चार साल पहले नूरजहां का निकाह अजीजउल्ला से हुआ। नूरजहां एक बेटा और एक बेटी की मां है। नूरजहां का कहना है, शुरुआत में सब सामान्य था, लेकिन धीरे-धीरे पति अजीजउल्ला के शक्की स्वाभाव के कारण उसके साथ संबंध अच्छे नहीं रहे। मायके तक से फोन आने पर पति शक की नजर से देखता था। उसकी मां और एक करीबी रिश्तेदार अक्सर फोन कर खैरियत पूछते थे।
यह बात भी अजीजुल्ला को नागवार गुजरने लगी। इसे लेकर कई बार नोकझोंक हुई। कुछ दिन पहले वह मोबाइल पर मां से बात कर रही थी। मां से हंसकर बात करता देख अजीजउल्ला भड़क उठा।
नूरजहां ने कहा, मुझे किसी कीमत पर तलाक मंजूर नहीं। इंसाफ के लिए कोर्ट जाऊंगी।