मृतक युवक (फाइल फोटो) व गांव में मौजूद पुलिसकर्मी।
- फोटो : amar ujala
अंबेडकरनगर जिले के राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के समडीह गांव में शनिवार सुबह बुआ की लड़की से चल रहे प्रेम प्रसंग में एक युवक ने उसके घर जाकर खुद को गोली मारकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। गोली मारने से पहले प्रेमी ने डायल 112 पर काल करके खुद को गोली मारकर खुदकुशी करने की सूचना भी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि थाना क्षेत्र राजेसुल्तानपुर के इटौरी खुर्द निवासी संदीप मौर्या पुत्र धीरेंद्र मौर्या उम्र लगभग 30 वर्ष का प्रेम प्रसंग थाना क्षेत्र के ही समडीह गांव निवासिनी बुआ की लड़की गुंजन मौर्या पुत्री राम अचल मौर्या के साथ चल रहा था। संदीप असल में गुंजन के साथ शादी करना चाहता था। उसके लिए वह अपने घरवालों के साथ ही बुआ के परिजनों पर भी दबाव बनाता था लेकिन बुआ के परिजन शादी के लिए तैयार नहीं थे।
ये भी पढ़ें - तस्वीरें: मरीज को घसीटते हुए ले जा रहे परिजन, जंजीरों में कैद स्ट्रेचर; लोहिया संस्थान की व्यवस्था का ये हाल
ये भी पढ़ें - 15 अगस्त तक आ सकती है भाजपा के नए जिलाध्यक्षों की सूची, जातीय और क्षेत्रीय संतुलन में फंसा पेंच
शनिवार की सुबह साढ़े तीन बजे संदीप लगभग पांच किमी दूर अपनी बुआ के घर समडीह पहुंच गया। दरवाजा खोलने तथा गुंजन को साथ चलने के लिए कहने लगा। इसी बीच संदीप ने डायल 112 पर काल करके प्रेमिका द्वारा दरवाजा न खोलने तथा खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने की सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के पहले ही संदीप ने अपने कनपटी से सटाकर गोली मार ली। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ राम बहादुर सिंह ने घटनास्थल का दौरा कर मामले की जानकारी ली। अपर पुलिस अधीक्षक संजय राय ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर दिशा निर्देश दिया।
थानाध्यक्ष बेचू सिंह यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके से युवक की जेब से तीन जिंदा कारतूस एवं तमंचा बरामद किया गया है।