बहराइच के पयागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा पहलवारा में सोमवार को सुबह एक युवक का शव गांव के बाहर एक बाग में मिला जिसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना पर थानाध्यक्ष करुणाकर पाण्डेय मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
मृतक की पहचान सैनी उम्र (32वर्ष) पुत्र अयोध्या सैनी निवासी जयनगरा जिला गोंडा के रुप में की गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक की ससुराल पहलवारा में ही है जिसकी शादी 15 वर्ष पूर्व गांव के ही घनश्याम सैनी की पुत्री के साथ हुई थी लेकिन आठ वर्षो से पत्नी से विवाद होने के कारण पांच वर्षो से यहीं एक मकान बनाकर अलग रह रहा था।
पत्नी और बच्चे मृतक के ससुर के साथ मुंबई मे कई वर्षो से रह रहे हैं। मृतक के सिर पर गम्भीर चोट से यह स्पष्ट होता है कि किसी ने सिर पर वार किया है जिसके कारण अत्यधिक रक्त स्राव होने से मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक बृंदा शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक, पुलिस क्षेत्राधिकारी हीरा लाल कनौजिया सहित तमाम लोगों ने घटनास्थल पहुंचकर जांच की है। वहीं, फोरेंसिक टीम भी बुलाकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हत्या में प्रथमदृष्टया अराजक तत्वों की संलिप्तता प्रतीत हो रही हैं फिलहाल शीघ्र ही खुलासा किया जाएगा। इसके लिए टीम बनाई जा रही है।