मृतक युवक व मामले की जांच करती पुलिस।
- फोटो : amar ujala
बहराइच के रानीपुर थाना क्षेत्र निवासी साइकिल मिस्त्री की रविवार की रात हत्या कर उसका शव निर्माणाधीन घर में फेंक दिया गया। सुबह खून से लथपथ शव देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर एसपी भी मौके पर पहुंचीं और पुलिसकर्मियों को जल्द खुलासे के लिए निर्देशित किया।
रानीपुर थानाक्षेत्र के कलुआपुर निवासी वकील अहमद (45) कुट्टी बाजार में साइकिल की दुकान करता था। वकील पंचर बनाने से लेकर साइकिल की मरम्मत भी करता था। रविवार की रात वो दुकान बंदकर घर के लिए निकला था लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा जिससे परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।
सोमवार की सुबह जिगिनिया छत्रपाल के पास नहर किनारे निर्माणाधीन मकान मे उसका लहूलुहान शव पड़ा मिला। शव के ऊपर से कपड़े गायब रहे और सिर्फ कच्छे बनियान मे शव पड़ा मिला। परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, गांव में भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर रानीपुर थाना प्रभारी आरती वर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और शव को कब्जे में लिया। वहीं, हत्या की सूचना पर एसपी वृंदा शुक्ला, एएसपी नगर रामानंद कुशवाहा आदि भी मौके पर पहुंचे। एसपी ने परिजनों से जानकारी ली और पुलिसकर्मियों को जल्द खुलासे के लिए निर्देशित किया।