मलिहाबाद इलाके में एक कबाड़ी ने बेटी से गलत संबंधों का विरोध कर रही प्रेमिका की हत्या करके शव कब्रिस्तान की झाड़ियों में फेंका और उसके तीन बच्चों को लेकर फरार हो गया।
लापता मां को कई दिन से ढूंढ रहे बड़े बेटे ने हफ्ता भर बाद बुधवार को महिला का क्षतविक्षत शव मिलने पर कबाड़ी व उसके भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उस पर अपनी दो बहन व मासूम भाई को अगवा कर ले जाने का आरोप लगाया है।
इंस्पेक्टर मलिहाबाद सुधाकर पांडेय ने बताया कि गांव घुसौली स्थित कब्रिस्तान की झाड़ियों बुधवार सुबह एक महिला का शव मिला। मौके पर पहुंचे मड़ियांव के खदरी निवासी जाकिर ने शव की शिनाख्त अपनी मां कैसर जहां (42) के रूप में की।
उसने गांव घुसौली में रहकर कबाड़ का व्यवसाय कर रहे राजा (33) व उसके भाई जादे पर कैसर जहां की हत्या व उसकी सोलह वर्षीय बेटी, छह वर्षीय बेटी व एक बेटे (8) के अपहरण का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। जाकिर ने बताया कि वह सीतापुर के कस्बा रेउसा का मूल निवासी है।
उसका पिता भूरे व मां कैसर जहां कई साल से मड़ियांव के खदरी में रहकर कबाड़ का व्यवसाय करते थे। राजा भी कबाड़ का काम करता था। चार साल पहले पिता की मौत हो गई।
इसके बाद राजा व कैसर जहां में प्रेमप्रसंग हो गया। जाकिर के विरोध जताने पर कैसर जहां अपने तीन अन्य बच्चों को लेकर तीन महीने पहले राजा के साथ गांव घुसौली चली गई, जहां नन्हा रावत का मकान किराए पर लेकर दोनों ने कबाड़ का काम शुरू किया। भाई जादे भी साथ में रहता था।