एक ही परिवार के दो सदस्यों की हत्या ने समूचे जिले को झकझोर कर रखा दिया। हर कोई यह जानने का प्रयास कर रहा था कि आखिर किसने इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया है। इस बीच घटना से शहजादपुर कोल्ड स्टोरेज के निकट काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। जिसने भी घटना के बारे में सुना, वह घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़ा। किसने और क्यों इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया, इसे जानने की कोशिश में लोग जुटे रहे। काफी देर तक लोगों की भीड़ घटनास्थल पर मौजूद रही।
जल्द दाखिल होगा आरोप पत्र
दोहरे हत्याकांड की चीख अंबेडकरनगर की सीमा से निकलकर अयोध्या मंडल तक गूंजी। जानकारी होते ही आईजी अयोध्या मंडल प्रवीण कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने बातचीत के दौरान बताया कि संपत्ति विवाद के चलते पिता व पुत्र की हत्या हुई है। हत्याकांड में अपने ही शामिल रहे हैं। साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। हत्या में शामिल लोगों को सजा दिलाने के लिए जल्द से जल्द आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा। इसके लिए जिम्मेदारों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। वैज्ञानिक साक्ष्यों आदि के आधार पर सजा दिलाने पर पूरा जोर रहेगा।
बंद रही गहना कोठी
शहजादपुर चौक स्थित जिस गहना कोठी में प्रतिदिन आभूषण खरीदने के लिए उपभोक्ताओं की भीड़ लगी रहती थी वह बुधवार को सन्नाटे में डूबी रही। इसके मालिक कृष्णचंद्र सोनी व उसके पुत्र आनंद की हत्या के बाद गहना कोठी का ताला नहीं खुला। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए आते रहे हैं। बुधवार को भी लोग खरीदारी के लिए आए लेकिन दुकान बंद मिली। इसके साथ ही परिवार से जुड़ी सराफे की अन्य दुकानें भी बंद रहीं।