पारा थाने के बुद्धेश्वर इलाके में प्रेम विवाह की रंजिश में बाइक सवार दो हमलावरों ने मंगलवार शाम पान खाने निकले बर्तन व्यवसायी को गोली मारकर घायल कर दिया। दोनों हमलावर तमंचा लहराते हुए भाग निकले। परिवारीजनों ने युवती के मौसेरे भाई समेत चार लोगों पर आरोप लगाया है। मौसेरे भाई ने करवाचौथ से पहले सबक सिखाने की धमकी दी थी।
सीओ आलमबाग राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि बुद्धेश्वर के पास पिंकसिटी स्थित कामिनी कांप्लेक्स में ओम साईं नाथ नामक बर्तन की दुकान का मालिक अंजुल गुप्ता (28) मंगलवार शाम चार बजे सड़क के दूसरे ट्रैक किनारे स्थित रामनारायण की दुकान पर पान खाने जा रहा था। इस बीच बाइक सवार दो हमलावर आ धमके और अंजुल पर तमंचे से फायरिंग कर दी।
पेट में गोली लगने से घायल अंजुल शोर मचाते हुए दौड़ा और थोड़ी दूर पर गिर गया। लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ अंजुल के परिवारीजनों को फोन किया। उसका मामा उत्तम मौके पर पहुंचा और अंजुल को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। परिवारीजनों ने वारदात के पीछे प्रेम विवाह की रंजिश बताई है।
दो साल पहले प्रेम विवाह
अंजुल ने दो साल पहले काकोरी क्षेत्र के मोहान निवासी कोमल सोनी से आर्यसमाज मंदिर में प्रेम विवाह किया था। पिता रवि सोनी की बचपन में ही मौत होने से कोमल अपने चाचा मनोज, संतोष व विनोद संग रह रही थी। इस बीच अंजुल ने ठाकुरगंज के शिवाजीपुरम में मकान बनवाया और तीन महीने पहले बर्तन की दुकान खोली थी। इससे पहले उन्नाव के हसनगंज थाने के गांव मोहान का मूल निवासी अंजुल सआदतगंज के बावली चौक स्थित अपनी ननिहाल में रह रहा था।