अयोध्या जिले के थाना पटरंगा क्षेत्र के अंतर्गत पैगम्मर नगर गांव में शादी से दो दिन पूर्व तेल की रस्म में गाना बजाने के दौरान डांस कर रहा एक अधेड़ अचानक अचेत होकर गिर गया। परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
रुदौली विधानसभा क्षेत्र के पैगम्मर नगर मजरे बसौढ़ी में मंगलवार रात लगभग 12:30 बजे शादी की रस्म में नाच गाना चल रहा था। इस दौरान पड़ोस में रहने वाला दिलशाद (45) पुत्र नौशाद डांस कर रहा था। तभी अचानक वह अचेत होकर गिर गया।
परिजन व ग्रामीण उसे निजी अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने दिलशाद को मृत घोषित कर दिया। इससे शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। वहीं दिलशाद के डांस का वीडियो भी बन रहा था।
इस दौरान उसकी मौत का वीडियो भी कैद हो गया, जो वायरल हो गया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि साकिब अली ने बताया दिलशाद के बेटे की 14 जुलाई को बरात जानी थी और शादी की तैयारियां चल रही थीं।