लखनऊ में गाजीपुर थाना क्षेत्र के अरावली मार्ग स्थित सी ब्लॉक में गुरुवार देर रात 11:45 बजे तेज रफ्तार एसयूवी दरवाजे पर खड़ी कार से टकरा गई। हादसे में चालक पंकज दिवाकर की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हैं। पुलिस ने सभी घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया।
प्रभारी निरीक्षक गाजीपुर बृजेश कुमार सिंह के मुताबिक गुरुवार रात करीब 11:45 बजे अरावली मार्ग पर सी-ब्लॉक में तेज रफ्तार एसयूवी पहले पेड़ से टकराई। इसके बाद दरवाजे पर खड़ी कार से भिड़ गई। हादसे में हरदोई के कुंवरपुर बसीठ निवासी चालक पंकज दिवाकर की मौके पर मौत हो गई।
जबकि रायबरेली डलमऊ पूरे गोला निवासी लक्ष्मीकांत द्विवेदी उनका भतीजा सूरज द्विवेदी और एक वाहन एजेंसी में गार्ड राजकुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने पंकज की मौत की पुष्टि कर दी। वहीं राजकुमार की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों गाड़ियों को कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी है।