लखनऊ। लोहे की कबाड़ से बने शेर, भालू, घड़ियाल और अन्य जानवर दर्शकों के लिए आकर्षक का केंद्र होंगे। वहीं छोटे पार्क में तैयार हो रहे कृत्रिम वाटरफॉल और सेल्फी पॉइंट चिड़ियाघर की सुंदरता को बढ़ाएंगे। शुक्रवार 29 नवंबर को चिड़ियाघर के स्थापना दिवस पर दर्शक और पर्यटक इसका आनंद उठा सकेंगे।
मुख्य अतिथि वन विभाग के मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना परिसर में स्थापित एंट्री प्लाजा का उद्धघाटन करेंगे। साथी ही वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण पर आधारित जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाएंगे। नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान अपना 103वां स्थापना दिवस मना रहा है। यहां साल दर साल दर्शकों के लिए आकर्षण के नए केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। स्थापना दिवस पर इस बार छोटे पार्क के रूप में दर्शकों को नया पर्यटन स्थल मिलेगा। पार्क में सेल्फी पाइंट, प्राकृतिक रंगों से बनी पशु-पक्षियों की वास्तुकला आकर्षक का केंद्र होगी।
जू प्रशासन के अनुसार, चिड़ियाघर परिसर में अलग-अलग स्थानों पर कबाड़ से तैयार हुए जानवरों को स्थापित किया जा रहा है। जू की निदेशक अदिति शर्मा ने बताया कि परिसर के मुख्य गेट के सामने छोटा पार्क विकसित किया जा रहा है। यह स्थान प्रयोग में नहीं था। टंकी खराब हो गई थी। उसे तोड़ने की बजाय कृत्रिम वाटरफॉल का रूप दे दिया गया है। यहां दर्शकों को देखने के लिए एक नया केंद्र होगा।