लखनऊ। जमीन विवाद में दबंगों जिला कोर्ट परिसर में अधिवक्ता आरिफ अहमद पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिवक्ता के साथी मो. शहीम ने वजीरगंज थाने में 28 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी के अनुसार, आरिफ अहमद का जानकीपुरम निवासी राहुल प्रियदर्शी, महानगर निवासी विकास प्रताप और रणंजय सिंह से जमीन का विवाद है। अधिवक्ता मो. शहीम ने बताया कि बुधवार दोपहर वह आरिफ के साथ सिविल कोर्ट से बाहर आ रहे थे। तभी राहुल, विकास, रणंजय और उनके 25 साथियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में आरिफ का सिर फट गया और वह खून से लथपथ हो गए। आरोपियों ने उन्हें लात-घूंसों से भी पीटा। किसी तरह से उन्होंने आरिफ को बचाया और वजीरगंज थाने पहुंचे। इंस्पेक्टर ने बताया कि घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है।