अमेठी। रोडवेज की बसों में जल्द ही महिलाएं टिकट काटते हुए दिखाई देंगी। परिवहन निगम में संविदा पर महिला परिचालकों की भर्ती होगी। 15 अप्रैल को रोजगार मेला अयोध्या में आयोजित किया जाएगा, जिसमें महिला अभ्यर्थियों के चयन की प्रक्रिया पूरी होगी।
डिपो के पास 54 चालक व 61 परिचालकों की कमी है, जिसके चलते 25 से अधिक बसों का संचालन नहीं हो पा रहा था। ऐसे में अमेठी डिपो में करीब 20 महिला परिचालक कर्मियों की भर्ती की जाएगी। इसके लिए परिवहन निगम ने तैयारी पूरी कर ली है। इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए शैक्षिक योग्यता में इंटरमीडिएट व कोर्स ऑफ कंप्यूटर कांसेप्ट्स (सीसीसी) प्रमाणपत्र होना जरूरी है। इसके अलावा 18 से 40 साल तक आयु सीमा रखी गई है। इंटरमीडिएट में प्राप्तांकों की मेरिट के आधार पर चयन होगा। एनसीसी बी प्रमाणपत्र, भारत स्काउट गाइड एवं गाइड संस्था के राज्य एवं राष्ट्रपति पुरस्कार प्रमाणपत्र पर प्राप्तांकों में पांच प्रतिशत की छूट होगी।
एआरएम काशी प्रसाद ने बताया कि 15 अप्रैल को रोजगार मेला अयोध्या में आयोजित किया जाएगा। अभ्यर्थी परिवहन निगम की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। चालक-परिचालक की कमी से प्रतिदिन कई बसों का संचालन प्रभावित है। कुंभ के बाद निगम को 12 बस मिली हैं, लेकिन चालक-परिचालकों की कमी है। भर्ती प्रक्रिया चल रही है।