लखनऊ। जानकीपुरम में बृहस्पतिवार रात सीवर के ढक्कन में हुए गड्ढे से तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित हाेकर पलट गई। हादसे में महिला हेड कांस्टेबल प्रीति सिंह (47) की मौत हो गई। बाइक चला रहे उनके पति उमेश मामूली रूप से चोटिल हो गए।
उमेश के मुताबिक पत्नी पुलिस मुख्यालय में एसआईटी में तैनात थी। बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे वह हेलमेट लगाकर बाइक से पत्नी के साथ मंदिर जा रहे थे। उमेश ने कहा कि वे घर से थोड़ी ही दूरी पर पहुंचे थे कि सीवर के ढक्कन में हुए गड्ढे के कारण बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। वह और प्रीति सड़क पर गिर पड़े। प्रीति का सिर फट गया। आनन-फानन उमेश ने लोगों की मदद से पत्नी को गाजीपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां शुक्रवार देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
वाहन की टक्कर से दुकानदार की मौत
लखनऊ। गुडंबा स्थित पैकरामऊ निवासी परचून दुकानदार मो. नासिर खान (74) की बाइक में शुक्रवार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौत हो गई। नासिर के बेटे राजू ने बताया कि पैकरामऊ बाजार में पिता की दुकान थी। शुक्रवार शाम चार बजे वह खाना खाकर बाइक से दुकान के लिए निकले थे। तभी रास्ते में उनकी बाइक से अज्ञात वाहन टकरा गया। पुलिस ने पिता को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई। नासिर के परिवार में दो बेटे और पत्नी शरीफुल निशा हैं।